
नवदुनिया प्रतिनिधि, बीना। बीना स्टेशन पर यार्ड रिमाडलिंग का काम 15 अक्टूबर तक पूरा होना था, लेकिन तय समयसीमा निकलने के बाद भी प्लेटफार्म क्रमांक 5 पर अपग्रेडेशन का काम जारी है। यार्ड में लाइनों और प्लेटफार्मों की अनुपलब्धता के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। प्लेटफार्म खाली नहीं मिलने पर लंबी दूरी की ट्रेनों को आउटर पर रोकना पड़ रहा है।
वहीं, बीना से चलने वाली कुछ मेमू ट्रेनों को दूसरे स्टेशनों से चलाया जा रहा है और कुछ का संचालन निरस्त किया गया है। रेलवे ने रविवार को जारी सूचना में 26 और 27 अक्टूबर को भी यात्री ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किए हैं। इसके तहत चार मेमू ट्रेनें दोनों दिन निरस्त रहेंगी।
दो एक्सप्रेस ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से बीना स्टेशन को बायपास करेंगी। इसके अलावा खुरई, महादेवखेड़ी और मुंगावली से कुछ ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इससे यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के प्रारंभिक और गंतव्य स्टेशन की जानकारी लेना जरूरी होगा।
असल में प्लेटफार्म क्रमांक 5 को झांसी छोर की ओर 30 मीटर तोड़कर भोपाल छोर की ओर 30 मीटर बढ़ाया जा रहा है। यार्ड रिमाडलिंग के साथ इसे भी पूरा किया जाना था, लेकिन अभी ट्रैक तैयार नहीं हुआ है। इस प्लेटफार्म पर आने वाली अप और डाउन ट्रेनों को दूसरे प्लेटफार्मों पर लेना पड़ रहा है। एक साथ ट्रेनें आने पर प्लेटफार्म खाली नहीं मिलने से लंबी दूरी की ट्रेनों को स्टेशन के पहले रोकना पड़ता है। इससे ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ रही है।
रविवार को भी कई ट्रेनें एक से दो घंटे की देरी से चलीं, रेलवे ने यार्ड रिमाडलिंग के बाद ट्रेनों की गति और संचालन व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद जताई थी, लेकिन मौजूदा स्थिति में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के संचालन और बदले हुए स्टेशन की जानकारी आधिकारिक पूछताछ माध्यमों या हेल्पलाइन 139 से लेने को कहा है
रेलवे की सूचना के अनुसार बीना-रूठियाई मेमू ट्रेन क्रमांक 61611, रूठियाई-बीना मेमू 61612, बीना-रूठियाई मेमू 61625 और रूठियाई-बीना मेमू 61626 को 26 एवं 27 अक्टूबर को निरस्त रखा जाएगा। इन ट्रेनों से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक साधनों से यात्रा करनी पड़ेगी।
25 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर-सूरत एक्सप्रेस (19054) आगासोद-मालखेड़ी-महादेवखेड़ी मार्ग से फ्लाईओवर होकर बीना स्टेशन को बायपास करेगी। इसी दिन ओखा-गोरखपुर एक्सप्रेस (15046) महादेवखेड़ी-मालखेड़ी-आगासोद मार्ग से फ्लाईओवर होकर संचालित होगी। इन दोनों ट्रेनों के यात्रियों को बीना स्टेशन पर ठहराव नहीं मिलेगा।
- कटनी-बीना मेमू (11602) 26 और 27 अक्टूबर को बीना के बजाय खुरई में समाप्त होगी। बीना-कटनी मेमू (11601) 27 अक्टूबर को खुरई से चलेगी।
- कोटा-बीना मेमू (11603) 26 और 27 अक्टूबर को महादेवखेड़ी में समाप्त होगी। बीना-कोटा मेमू (61634) इन्हीं तारीखों में महादेवखेड़ी से चलेगी।
- कोटा-बीना मेमू (61633) 26 और 27 अक्टूबर को मुंगावली में समाप्त होगी। बीना-कोटा मेमू (11604) 27 अक्टूबर को मुंगावली से चलेगी।
- बीना-कटनी मुड़वारा मेमू (61619) 27 अक्टूबर को महादेवखेड़ी से सुबह 10.20 बजे चलेगी। कटनी मुड़वारा-बीना मेमू (61620) 26 और 27 अक्टूबर को महादेवखेड़ी तक संचालित होगी। इसका निर्धारित आगमन समय रात 12.50 बजे है।