
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिला के उचेहरा थाना क्षेत्र के एक गांव से 17 वर्षीय छात्रा के लापता होने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। घर से शौच जाने की बात कहकर निकली छात्रा का कई दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है।
इस बीच परिजनों ने गांव के ही 45 वर्षीय शादीशुदा व्यक्ति पर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। आरोपित तीन बच्चों का पिता बताया जा रहा है। बेटी की तलाश में परिजन परेशान हैं और लगातार उसकी खोजबीन कर रहे हैं।
छात्रा 24 अक्टूबर की सुबह घर से शौच जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन के बावजूद जब उसका पता नहीं चला, तो पुलिस को सूचना दी गई।
उचेहरा पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों को अब भी बेटी के सुरक्षित मिलने की उम्मीद है। वहीं, छात्रा का पता नहीं चलने से परिवार की चिंता लगातार बढ़ रही है। पुलिस का कहना है कि तलाश के प्रयास जारी हैं।
यह भी पढ़ें- दो माह पहले ही दमोह पदस्थ हुए थे वाणिज्य कर अधिकारी, जबलपुर लोकायुक्त ने खंगाले बैंक खाते