एमपी के रेल यात्रियों को नवरात्र पर बड़ा तोहफा, मैहर स्टेशन पर 15 जोड़ी ट्रेनों को मिला 5 मिनट का अस्थायी ठहराव
यह सुविधा 11 से 22 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित तिथियों में उपलब्ध रहेगी। इससे मुंबई, पुणे, चेन्नई, गोरखपुर, पटना, बनारस, रांची, गुवाहाटी सहित विभिन्न शह...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 09 Oct 2026 07:21:24 PM (IST)Updated Date: Fri, 09 Oct 2026 07:21:24 PM (IST)
मैहर में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की राह हुई आसान।HighLights
- मैहर में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की राह हुई आसान
- नवरात्र मेले में मां शारदा के भक्तों को रेलवे की सौगात
- 15 जोड़ी ट्रेनों को मिला 5 मिनट का अस्थायी ठहराव
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना/मैहर। मैहर में शारदीय नवरात्र मेले के दौरान मां शारदा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। पश्चिम मध्य रेल से गुजरने वाली 15 जोड़ी ट्रेनों को मैहर स्टेशन पर पांच मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है।
यह सुविधा 11 से 22 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित तिथियों में उपलब्ध रहेगी। इससे मुंबई, पुणे, चेन्नई, गोरखपुर, पटना, बनारस, रांची, गुवाहाटी सहित विभिन्न शहरों से मैहर आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
अलग-अलग ट्रेनों के ठहराव की तिथियां निर्धारित
पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय, जबलपुर द्वारा 9 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। अलग-अलग ट्रेनों के ठहराव की तिथियां निर्धारित की गई हैं। कुछ ट्रेनें पूरे निर्धारित अवधि में, जबकि कुछ केवल एक दिन विशेष पर मैहर स्टेशन पर रुकेंगी।
इन प्रमुख ट्रेनों को मिलेगा ठहराव
- रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस मैहर में रात 3:10 बजे पहुंचेगी और 3:15 बजे रवाना होगी। वापसी में गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस रात 8:25 बजे पहुंचकर 8:30 बजे रवाना होगी।
- चेन्नई-छपरा एक्सप्रेस रात 8:50 से 8:55 बजे तक तथा छपरा-चेन्नई एक्सप्रेस सुबह 7:25 से 7:30 बजे तक मैहर में रुकेगी। वलसाड-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस दोपहर 3:05 से 3:10 बजे और मुजफ्फरपुर-वलसाड एक्सप्रेस सुबह 11:40 से 11:45 बजे तक ठहरेगी।
- इसके अलावा दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस सुबह 5:35 से 5:40 बजे, नौतनवा-दुर्ग एक्सप्रेस रात 1:55 से 2 बजे, पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस सुबह 11:05 से 11:10 बजे तथा गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस सुबह 4:20 से 4:25 बजे तक मैहर स्टेशन पर रुकेगी।
- लोकमान्य तिलक टर्मिनस-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस सुबह 6:45 से 6:50 बजे और अयोध्या कैंट-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस सुबह 8:50 से 8:55 बजे तक ठहरेगी। बांद्रा टर्मिनस-पटना एक्सप्रेस दोपहर 3:05 से 3:10 बजे तथा पटना-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस सुबह 8:15 से 8:20 बजे तक मैहर में रुकेगी।
- इसी तरह पुणे-बनारस एक्सप्रेस सुबह 11:05 से 11:10 बजे और बनारस-पुणे एक्सप्रेस सुबह 11:25 से 11:30 बजे तक ठहरेगी। अन्य निर्धारित ट्रेनों में छपरा, रक्सौल, धनबाद, पूर्णा और गुवाहाटी की ओर जाने वाली ट्रेनें भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- खंडवा के भांजे कोविद ने चीन में लहराया तिरंगा, 70 देशों के प्रतिभागियों के बीच जीता सिल्वर मेडल, जल्द पीएम से मुलाकात
निर्धारित तिथियों में ही मिलेगी सुविधा
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि सभी ट्रेनों का ठहराव एक समान अवधि के लिए नहीं है। कुछ ट्रेनों का ठहराव 10 अक्टूबर से शुरू होगा, जबकि कुछ 11 अक्टूबर से निर्धारित तिथियों पर रुकेंगी। इसी तरह अलग-अलग ट्रेनों के लिए अंतिम तिथि 17 से 22 अक्टूबर तक निर्धारित की गई है। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की तारीख और समय की पुष्टि कर लेनी चाहिए।