
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। विंध्य और बुंदेलखंड के रेल नक्शे पर शनिवार, 24 अक्टूबर को एक नया अध्याय जुड़ गया। नागौद–देवेंद्रनगर–सतना और चुरहट–रीवा रेलखंड पर दो नई मेमू ट्रेनों की शुरुआत की गई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअली ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।
उद्घाटन के अवसर पर दोनों ट्रेनों में यात्रियों को निश्शुल्क सफर की सुविधा दी गई है। नियमित संचालन 26 अक्टूबर से शुरू होगा। इससे सतना, रीवा, पन्ना और सीधी क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। रेल्वे ने यात्रियों को प्रोगनेट टिकट देकर यात्रा कराई।
नई मेमू ट्रेनें रविवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेंगी। आठ कोच वाली इन ट्रेनों से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, कारोबारियों और आम यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। अपने क्षेत्र में पहली बार ट्रेन सुविधा मिलने से नागौद ब्लॉक के श्यामनगर निवासी श्याम शुक्ला ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र के लोगों का सफर पहले से आसान होगा।
देवेंद्रनगर से सुबह 7 बजे रवाना होने वाली ट्रेन विभिन्न स्टेशनों पर ठहरते हुए दोपहर 1:15 बजे चुरहट पहुंचेगी। वापसी में चुरहट से दोपहर 3 बजे चलकर रात 9:25 बजे देवेंद्रनगर पहुंचेगी। सतना स्टेशन पर इसका ठहराव 10 मिनट का रहेगा। रीवा–चुरहट खंड पर भी नई मेमू सेवा शुरू होने से क्षेत्रीय रेल संपर्क मजबूत होगा।
ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना को 1997-98 में मंजूरी मिली थी। करीब 541 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की शुरुआती लागत 925 करोड़ रुपये थी, जो बढ़कर लगभग 9,000 करोड़ रुपये हो गई। परियोजना का 60 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है।
सतना–देवेंद्रनगर के 53 किलोमीटर और रीवा–चुरहट के 65 किलोमीटर रेलखंड पर सेवा शुरू होना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रेलवे ने पूरी परियोजना को 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। उद्घाटन के दिन यात्रा निश्शुल्क है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके वृद्धाें को मिलेगी प्रतिमाह तीन हजार रुपये पेंशन