
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। रेलवे स्टेशन परिसर में देर रात शराब के नशे में धुत युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। रेलवे सोसाइटी द्वारा संचालित कैंटीन में तेज रफ्तार कार से टक्कर मारकर तोड़फोड़ की गई।
आरोप है कि कार सवार युवकों ने कैंटीन संचालक और कर्मचारियों पर जानलेवा हमला करने का प्रयास भी किया। घटना में कैंटीन को लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आई है।
वारदात के बाद मौके पर पहुंची जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा फरार है। रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे सोसाइटी की कैंटीन में देर रात कार सवार युवक पहुंचे। आरोप है कि शराब के नशे में धुत युवकों ने तेज रफ्तार कार से कैंटीन में टक्कर मार दी और वहां जमकर तोड़फोड़ की।
अचानक हुई इस घटना से कैंटीन में अफरा-तफरी मच गई। संचालक और कर्मचारियों पर हमले के प्रयास की बात भी सामने आई है। घटना में कैंटीन को भारी नुकसान होने की जानकारी दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर आरोपितो की तलाश शुरू की।
जीआरपी चौकी प्रभारी राजेश राज के अनुसार, मामले में मनीष दाहिया (26), पिता शिव बहोर दाहिया, निवासी टिकुरिया टोला और अमित गौतम (23), पिता राजेश गौतम, निवासी आदर्श नगर को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, तीसरे आरोपित शिवम मिश्रा की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- ‘स्वच्छता’ में जबलपुर का एक और बढ़ता कदम, 01 नवंबर से बदलेगी सफाई व्यवस्था