
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। शहर के कोठी रोड पर पशुपतिनाथ मंदिर के पास सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब दो बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को डायल 112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
कार क्रमांक MP 19 CB 8759 में सवार छह लोग सिविल लाइन थाना क्षेत्र के संजय नगर (हाटी) में आयोजित बरहों कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सतना लौट रहे थे।
इसी दौरान कोठी रोड पर पशुपतिनाथ मंदिर के पास चालक तेज रफ्तार कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार रामटेकरी की ओर जा रही थी।
राहगीरों की तत्काल सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में कार चालक विशाल चौधरी के अलावा आदित्य चौधरी, विशाल वर्मा, राजीव, प्रिंस और सतीश शामिल हैं।
आदित्य चौधरी समेत दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- आबकारी नियम को हाई कोर्ट में चुनौती देने मिली मोहलत, स्कूल से शराब दुकान की दूरी 53 मीटर