
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर। जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के कर्रा स्थित जगदीश सागर बांध में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान गहरे पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। हादसा 21 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे हुआ। घर पर मां बेटे के आने की राह देखती रह गई।
कर्रा निवासी शिवधारी पटेल का इकलौता पुत्र था, जिसकी उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष बताई जा रही है। युवक दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के लिए जगदीश सागर बांध पहुंचा था।
विसर्जन के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण डूबने लगा। युवक को पानी में डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उसे बचाने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण भी बांध पर पहुंच गए।
युवक को पानी से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, कर्रा गांव में शोक का माहौल है।
सूचना मिलने पर रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में एल्गिन हाॅस्पिटल के डाॅक्टर का दो लाख का फोन छीना, बात करते जा रहे थे सैर पर