
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र की नईबस्ती में शराब दुकान के पास शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया।
वार्ड क्रमांक-15 में हुई वारदात में हनुमान नगर निवासी रावेन्द्र सिंह उर्फ छोटू घायल हो गया। उसके कमर और दोनों पैरों में चाकू के तीन वार लगे हैं। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों के अनुसार, रावेन्द्र रात करीब 10 बजे बाइक से बाजार से अपने घर लौट रहा था। वह वार्ड क्रमांक-15 स्थित शराब दुकान के पास पहुंचा तो वहां चार-पांच लोग खड़े थे।
आरोप है कि युवकों ने उससे शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रावेन्द्र ने रुपये देने से मना किया तो विवाद शुरू हो गया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। विवाद बढ़ने पर आरोपितों ने चाकू निकालकर रावेन्द्र पर हमला कर दिया।
चाकू के तीन वार उसकी कमर और दोनों पैरों में लगे। हमले में घायल रावेन्द्र को आसपास मौजूद लोगों ने संभाला और घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
घायल के परिजनों ने रवि रैकवार, बाबू दाहिया और प्रतीक यादव पर हमला करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रावेन्द्र और आरोपितों के बीच पुरानी रंजिश है और इसी के चलते उसे निशाना बनाया गया। परिजनों ने हमले को हत्या की नीयत से किया गया हमला बताया है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि होना बाकी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद कोलगवां पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घायल रावेन्द्र के बयान दर्ज किए हैं और परिजनों से भी घटना की जानकारी ली।
यह भी पढ़ें- मंडला में लोकायुक्त ने 2 लाख की रिश्वत लेते CMO को दबोचा, नल-जल योजना के काम के बदले मांगी थी रकम