
नईदुनिया प्रतिनिधि, चित्रकूट। वन विभाग ने नयागांव बीट में वन्यजीवों के अवैध शिकार की कोशिश को नाकाम करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान शिकार में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री भी जब्त की गई, जबकि चार अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
वन मंडल सतना के अंतर्गत वन परिक्षेत्र की नयागांव बीट के कक्ष क्रमांक पी-02 में 19 नवंबर की शाम करीब 7 बजे वन अमला गश्त कर रहा था। इसी दौरान पोखरवारहार के आसपास विद्युत लाइन के नीचे कुछ संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए।
वनकर्मियों ने संदेह के आधार पर उनका पीछा किया और दो व्यक्तियों को शिकार में प्रयुक्त सामग्री के साथ पकड़ लिया। उनके चार अन्य साथी मौके से भाग निकले।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजेश कोल (50), पिता पंचा कोल और बाली कोल (42), पिता मुन्ना कोल, निवासी बिजहना कोलान, थाना बहिलपुरवा, जिला चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वन विभाग ने दोनों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 (संशोधित 2022) की धाराओं 2(16), 9, 50, 51 और 52 के तहत वन अपराध क्रमांक 215/05 दर्ज किया है।
वन विभाग के अनुसार हनुमानधारा वनखंड में विभिन्न प्रजातियों के छोटे-बड़े वन्यप्राणी विचरण करते हैं। इनके संरक्षण के लिए वन अमला लगातार निगरानी कर रहा है। विभाग ने आमजन से वन्यजीवों के शिकार में शामिल न होने और उनके संरक्षण में सहयोग करने की अपील की है।