
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। छिंदवाड़ा डीआइजी राकेश सिंह ने प्रारंभिक जांच रिपोर्ट तैयार कर जबलपुर जोन के आईजी प्रमोद वर्मा को भेज दी है। तीसरे दिन भी डीआईजी सिवनी पुलिस अधीक्षक कार्यालय बैठकर मामले में रिपोर्ट तैयार करने में लगे रहे।
गंभीर आरोपों में उलझे एएसपी, एसडीओपी स्तर के अधिकारियों पर विभागीय जांच तथा आगे की कार्रवाई का निर्णय प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर शासन स्तर से लिया जाएगा। अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के संबंध में भी वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई संबंधी निर्णय लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि 17 नवंबर को होटल का एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हुआ था। इसमें होटल में ठहरे प्रेमी जोड़े को एएसपी दीपक मिश्रा कथित रूप से गांजा रखवाकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देते दिख रहे थे।
संज्ञान लेकर मुख्यमंत्री ने एएससी दीपक मिश्रा सहित होटल में पहुंचे अन्य पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को निलंबित करने के आदेश दिया था।
निलंबन के बाद रिक्त हुए एएसपी, एसडीओपी, कोतवाली टीआई और ट्राफिक इंस्पेक्टर पद पर नये अधिकारियों की पोस्टिंग के आदेश फिलहाल सामने नहीं आया है। अजाक डीएसपी रमजु उइके को फिलहाल कोतवाली का कामकाज देखने के निर्देश वरिष्ठ अधिकारियों ने दिए हैं।
18 नवंबर को गृह विभाग की अवर सचिव अन्नू भलावी ने एएसपी दीपक मिश्रा व एसडीओपी चंचलेश मरकाम को निलंबित कर भोपाल अटैच कर दिया था।
जबलपुर जोन आईजी प्रमोद वर्मा ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, ट्रेफिक इंस्पेक्टर विजय बघेल, प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी, एएसपी के आरक्षक ड्रायवर कृष्ण परते, गनमैन सलमान खान को निलंबित कर रक्षित केंद्र जबलपुर अटैच किया था।
पूरे प्रकरण की जांच छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी राकेश कुमार सिंह को सौंपी गई है, जिन्होंने तीन दिन तक सिवनी एसपी कार्यालय में कई घंटों तक मौजूद रहकर जांच की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। इस दौरान प्रकरण में जुड़े सभी पक्षों के बयान दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की छानबीन कर प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार की गई।
जांच में शिकायतकर्ता होटल संचालक संजय सनोडिया के अलावा आरोपों में उलझे पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों से वन-टू-वन बात कर उनके बयान दर्ज करने के अलावा घटना से जुड़े साक्ष्य के रूप डीवीआर फुटेज भी जुटाए गए हैं।
गौरतलब है कि पुलिस अधिकारियों को कथित रूप से 10-10 हजार का लिफाफा देने, 25 हजार रुपये प्रतिमाह देने के लिए दबाव बनाने तथा होटल संचालक यश मिश्रा से कथित मारपीट करने का गंभीर आरोप होटल मालिक संजय सनोडिया ने लगाए हैं, जिसे जांच के बिन्दुओं में शामिल किया गया है।
पिछले साल हवाला कांड में एसडीओपी पूजा पांडे सहित अन्य 11 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की गिरफ्तारी के बाद अनुमान लगाया जा रहा था कि जिले में पुलिस महकमे में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी होगी। बीते एक साल में ऐसा कुछ नहीं हुआ है। एसपी सुनील मेहता के जाने के बाद कोई बड़ा फेरबदल जिले में होता दिखाई नहीं दिया।
यह भी पढ़ें- मोबाइल का पासवर्ड खुलते ही खुला दमोह के सूर्यांश की मौत का राज, जबलपुर-सिवनी की युवतियां गिरफ्तार