
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिले के परसमनिया क्षेत्र स्थित सुरदहा घाट पर सोमवार को एक ऑटो पलटने से 14 लोग घायल हो गए। हादसे में चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
जानकारी के अनुसार, सुरदहा घाट पर ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के कारण उसमें सवार लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर घायलों की मदद की और उन्हें उपचार के लिए नागौद सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में चार की हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। वहीं, दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।