
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिले में विस्फोटक सामग्री की सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। रामस्थान स्थित भिलाई जेपी सीमेंट प्लांट की मैगजीन में घुसे करीब 15 नकाबपोश बदमाश 1,120 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर चोरी कर ले गए।
आरोपियों ने परिसर में लगे तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) की तांबे की पट्टी को भी नहीं छोड़ा और उसे भी निकालकर अपने साथ ले गए। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक उपकरणों की चोरी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
चोरी का खुलासा माइंस एवं सुरक्षा विभाग की ओर से किए गए निरीक्षण के दौरान हुआ। इसके बाद कंपनी के सुरक्षा प्रभारी विनोद सिंह ने कोलगवां थाना क्षेत्र की बाबूपुर चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी पुलिस के सामने बड़ी चुनौती है।
पुलिस इस वारदात को इलाके में सक्रिय अवैध उत्खनन से जोड़कर भी देख रही है। कोटर और बिरसिंहपुर क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियां सामने आती रही हैं। चट्टानों को तोड़ने के लिए विस्फोटक सामग्री की आवश्यकता होती है।
ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चोरी किए गए डेटोनेटर अवैध खनन में इस्तेमाल किए जा सकते हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी इस आशंका की पुष्टि नहीं की है।
मैगजीन जैसी संवेदनशील जगह पर एक साथ इतने लोगों का पहुंचना और बड़ी संख्या में डेटोनेटर लेकर निकल जाना सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक की ओर इशारा कर रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को मैगजीन की लोकेशन और वहां रखी विस्फोटक सामग्री की जानकारी कैसे मिली। घटना के समय सुरक्षा इंतजाम क्या थे और आरोपियों ने किस रास्ते से प्रवेश किया, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस स्थानीय बदमाशों के साथ बाहरी गिरोह की संलिप्तता की संभावना पर भी काम कर रही है। जांच का सबसे अहम पहलू चोरी गए डेटोनेटर का पता लगाना है, क्योंकि इनका किसी अवैध गतिविधि में इस्तेमाल होने की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
यह भी पढ़ें- मुआवजे के लिए झूठा फंसाने का आरोप, हाई कोर्ट ने कांस्टेबल की जांच के आदेश दिए