
नईदुनिया प्रतिनिधि, चित्रकूट। सोमवार सुबह छह बजे मंदाकिनी नदी के किनारे पारंपरिक गधा मेला भी शुरू हुआ। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से व्यापारी गधे लेकर पहुंचे।
मेले की खास पहचान फिल्मी सितारों के नाम पर गधों का नामकरण है। यहां अमिताभ बच्चन, मिथुन चक्रवर्ती, शाहरुख खान और संजय कपूर जैसे नाम वाले गधे आकर्षण का केंद्र बने रहे।
व्यापारी इन्हीं नामों से खरीदारों को गधों की पहचान बताते हैं। उनकी कीमत नस्ल, कद-काठी, लंबाई और ताकत के आधार पर तय होती है। व्यापारियों के मुताबिक मेले में हर साल करोड़ों रुपये का कारोबार होता है। स्थानीय मान्यता है कि इस मेले की शुरुआत मुगल शासक औरंगजेब के शासनकाल में हुई थी। तब से यह परंपरा लगातार चली आ रही है।
दीपावली अमावस्या मेले के दौरान रामघाट, कामतानाथ, सती अनुसुइया, गुप्त गोदावरी, रामसैया और देवांगना सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं ने दीपदान किया। धनतेरस से शुरू हुआ पांच दिवसीय मेला 11 नवंबर तक चलेगा। धार्मिक मान्यता है कि भगवान श्रीराम ने वनवास के दौरान माता सीता और लक्ष्मण के साथ चित्रकूट में 11 वर्ष, 11 महीने और 11 दिन बिताए थे। यही वजह है कि चित्रकूट की धरती रामभक्तों के लिए विशेष आस्था का केंद्र है।यह भी पढ़ें- ‘स्वच्छता’ में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में जबलपुर की छलांग, एक से तीन के बीच में रैंक पक्की