
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर। मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग की उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय समारोह में देश के ख्यातिलब्ध संगीतज्ञ और नृत्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। तीनों दिन कार्यक्रम शाम 7 बजे से शुरू होंगे और श्रोता-दर्शकों के लिए प्रवेश निश्शुल्क रहेगा।
समारोह का शुभारंभ 13 नवंबर को संस्कृति मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री तथा मैहर जिले की प्रभारी मंत्री राधा सिंह करेंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद गणेश सिंह और विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी उपस्थित रहेंगे।
समारोह की पूर्व संध्या पर 12 नवंबर को स्थानीय और क्षेत्रीय कलाकारों द्वारा शास्त्रीय गायन, वादन एवं नृत्य की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मुख्य समारोह के पहले दिन 13 नवंबर को सरोद-गायन जुगलबंदी में शिराज अली खान सरोद वादन और अरिंदम भट्टाचार्य गायन प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद शाम्भवी शुक्ला मिश्रा एवं साथी कथक, पं. प्रसाद खापर्डे शास्त्रीय गायन और पद्मश्री गीता चंद्रन एवं साथी भरतनाट्यम की प्रस्तुति देंगे।
14 नवंबर को पं. प्रसन्नजीत पोतदार, पद्मश्री येल्ला वेंकटेश्वर, पद्मश्री तरुण भट्टाचार्य और पद्मश्री रोनू मजूमदार की वृंद वादन प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके बाद डॉ. अतसी मिश्रा एवं साथी ओडिसी नृत्य, विदुषी दिव्या शर्मा शास्त्रीय गायन और पं. नित्यानंद हल्दीपुर बांसुरी वादन प्रस्तुत करेंगे।
समारोह के अंतिम दिन 15 नवंबर को आर्या नन्दे एवं साथी ओडिसी नृत्य, अभिषेक बोरकर सरोद वादन, निर्भय सक्सेना शास्त्रीय गायन और पं. सुगातो भादुड़ी मैंडोलिन वादन करेंगे। समापन प्रस्तुति खुशबू पांचाल एवं साथी की कथक नृत्य की होगी।
तीनों दिन मुख्य प्रस्तुतियों से पहले वाद्य वृंद-मैहर की प्रस्तुति भी होगी। अकादमी के निदेशक प्रकाश सिंह ठाकुर और उपनिदेशक शेखर करहाड़कर ने समारोह की जानकारी देते हुए संगीत प्रेमियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- RSS में फेरबदल: MP में 7 और छत्तीसगढ़ में बनेंगे 2 संभाग; अब प्रांत के बजाय राज्य प्रचारक