
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। तापमान में गिरावट और सुबह के समय ठंडे मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया है।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. सतीश कुमार एस ने आदेश जारी कर जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय एवं केंद्रीय विद्यालयों सहित जवाहर नवोदय विद्यालय, आईसीएसई, सीबीएसई और अन्य मान्यता प्राप्त स्कूलों के समय में परिवर्तन किया है।
जारी आदेश के अनुसार, नर्सरी से कक्षा आठवीं तक की कक्षाएं अब सुबह 9 बजे से संचालित होंगी। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुबह 9 बजे से पहले किसी भी स्कूल का संचालन नहीं किया जाएगा।
अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं एवं मूल्यांकन संबंधी कार्य पूर्व निर्धारित कार्यक्रम और समय के अनुसार ही संचालित होंगे। आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन को दिए गए हैं। यह आदेश 19 नवंबर 2026, गुरुवार से प्रभावशील होगा।
जिले में नवंबर के दूसरे पखवाड़े के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह और देर रात तापमान में गिरावट के कारण ठंड का अहसास बढ़ रहा है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 18 नवंबर को सतना का न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
19 नवंबर को न्यूनतम तापमान 14 और अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह के समय हल्की धुंध की स्थिति भी बनी रह सकती है, जबकि दिन में धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी।
सुबह जल्दी स्कूल पहुंचने वाले छोटे बच्चों को ठंड से बचाने के उद्देश्य से लिया गया यह निर्णय अभिभावकों के लिए भी राहतभरा है। अब बच्चों को स्कूल जाने के लिए सुबह की ठिठुरन के बीच घर से जल्दी नहीं निकलना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें- बिजली खर्च पर सतना नगर निगम का बड़ा प्रहार, 401 कनेक्शन बंद कर बचाए