
नईदुनिया, प्रतिनिधि, सतना। अपने राजस्व प्रतिपूर्ति के लिए नगरीय प्रशासन ने एक नई तरकीब जुटाई है। जिसके तहत नगर निगम करीब 401 अनावश्यक विद्युत कनेक्शनों को बंद कर इनके जरिए होने वाले खर्च पर लगाम लगाएंगा।
कार्रवाई का सीधा प्रभाव नगर निगम के सलाना बजट पर पड़ेगा और इस प्रकार निगम करीब हर माह 1.25 करोड़ रुपये का बजट राजस्व की बचत करेगा।
नगर निगम ने अपने 864 विद्युत कनेक्शनों की पड़ताल कर 401 कनेक्शन बंद करा दिए हैं। मौजूदा बचत का आकलन करें तो सालभर में करीब 15 करोड़ रुपये की राशि बचाने का अनुमान है।
नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा के निर्देश पर विद्युत विभाग और विद्युत वितरण कंपनी की संयुक्त टीम ने निगम के सभी विद्युत कनेक्शनों का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान प्रत्येक कनेक्शन की उपयोगिता, वास्तविक जरूरत और बिजली खपत की समीक्षा की गई।
जांच में सामने आया कि बड़ी संख्या में ऐसे कनेक्शन संचालित थे, जिनकी अब कोई खास उपयोगिता नहीं रह गई थी। इसके बाद इन्हें बंद कराने की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के तहत बंद कराए गए 401 कनेक्शनों में 358 कनेक्शन स्ट्रीट लाइट, नगर निगम के भवनों और पार्कों से संबंधित हैं, जबकि 43 कनेक्शन पंपों के हैं। इन कनेक्शनों के बंद होने के बाद निगम के कुल विद्युत कनेक्शनों की संख्या 864 से घटकर 463 रह गई है।
अब निगम पहले की तुलना में करीब आधे कनेक्शनों के जरिए ही अपनी विद्युत जरूरतें पूरी करेगा। आयुक्त डॉ. गौड़ा ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि केवल वास्तविक आवश्यकता वाले विद्युत कनेक्शन ही चालू रखे जाएं।
बिजली बिलों की नियमित समीक्षा कर अनावश्यक खपत और खर्च पर लगातार निगरानी रखी जाए। इस पहल का उद्देश्य केवल कनेक्शन बंद कराना नहीं, बल्कि निगम की पूरी विद्युत व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और किफायती बनाना है।
नगर निगम पर बढ़ते आर्थिक दबाव के बीच 15 करोड़ रुपये सालाना बचत का अनुमान अहम माना जा रहा है। यदि यह बचत लगातार बनी रहती है तो इस राशि का उपयोग शहर की सड़क, नाली, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार में किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- सतना में फाॅर्म हाउस में घुसे चार बदमाश, पांच ताले के बाद इंटरलॉक नहीं खुला तो सिलेंडर-चूल्हा ले गए