
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। यह सूची कुछ इस प्रकार विवादों में आ गई है कि सूची में उपाध्यक्ष बनाए गए शिवदत्त मुन्नू पांडेय ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर खुद को भाजपा का कार्यकर्ता बताया है। उन्होंने कहा कि वह वर्तमान में भी भाजपा में हैं और कांग्रेस की सूची में उनका पता भी गलत दर्ज किया गया है ।
जिला कांग्रेस कमेटी सतना (ग्रामीण) ने 20 अक्टूबर 2026 को संगठन सृजन अभियान के तहत परसमनिया ब्लॉक की कार्यकारिणी घोषित की थी। जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ कुशवाहा के अनुमोदन के बाद जारी सूची में शिवदत्त मुन्नू पांडेय का नाम उपाध्यक्ष पद पर शामिल किया गया है।
सूची संगठन महासचिव नागेश्वर मिश्रा 'नागेश' की ओर से जारी की गई है। उल्लेखनीय है कि शिवदत्त पाडेय मुन्नू पूर्व में दिवंगत भाजपा नेता यादवेन्द्र सिंह के साथ में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता थे। कालांतर में वह यादवेन्द्र सिंह के साथ ही बसपा में आए और फिर यादवेन्द्र सिंह के साथ ही शिवदत्त पाण्डेय ने भाजपा ज्वाइन कर ली थी।
शिवदत्त मुन्नू पांडेय ने अपने बयान में कहा कि वह बहुजन समाज पार्टी से यादवेंद्र दाऊ के साथ लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा में आए थे और आज भी भाजपा में ही हैं। उन्होंने सूची में दर्ज पते पर आपत्ति जताते हुए कहा कि वह महाराज कुरेही के निवासी हैं।
कार्यकारिणी सूची में उनका पता महाराजपुर लिखा गया है। कांग्रेस की संगठनात्मक सूची में नाम शामिल होने और संबंधित व्यक्ति के खुद को भाजपा में होने का दावा करने से कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।
शिवदत्त पांडेय जी से फोन पर बात हुई थी, उनके द्वारा स्वयं अपना नाम व फोटो दिया गया और बताया गया था कि वह कांग्रेस के बहुत ही सक्रिय कार्यकर्ता हैं। तभी सूची में उनका नाम जोड़ते हुए उन्हें पदाधिकारी का कार्य दायित्व दिया गया। इसके बाद अब क्या समस्याएं हुई पता नहीं।
नागेश्वर मिश्रा, कांग्रेस के संगठन महासचिव जिला सतना
जिला कांग्रेस कमेटी सतना (ग्रामीण) को अब अपने दिवगत हो चुके पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की भी जानकारी नहीं रहीं। दरअसल जिला कांग्रेस कमेटी सतना (ग्रामीण) की ओर से जारी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामपुर बघेलान के संगठनात्मक पदाधिकारियों की सूची में दिवंगत जमुना तिवारी को उपाध्यक्ष बनाया गया है।
इटमा नदी तीर निवासी जमुना तिवारी का करीब तीन महीने पहले निधन हो चुका है। इसके बावजूद संगठन की जारी सूची में उनका नाम उपाध्यक्ष पद पर दर्ज होने से कार्यकारिणी के गठन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी सतना (ग्रामीण) के संगठन महामंत्री नागेश्वर मिश्रा की ओर से 20 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में रामपुर बघेलान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी घोषित की गई है।
ब्लॉक अध्यक्ष समेत उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव और सोशल मीडिया पदाधिकारी के नाम शामिल हैं। सूची में जमुना तिवारी का नाम उपाध्यक्ष पद पर दर्ज है। सूची सामने आने के बाद दिवंगत व्यक्ति को संगठन में पद दिए जाने का मामला चर्चा में है।
संगठनात्मक सूची तैयार करने और जारी करने से पहले नामों के सत्यापन की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कोई स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़ें- कटनी के ट्रांसपोर्ट नगर में रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार, एनओसी देने के लिए की थी 25 हजार रुपये की डिमांड