
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर। शारदीय नवरात्र मेले के अवसर पर मां शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति की ओर से 11 से 19 अक्टूबर तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। बंधा बैरियर परिसर में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में धार्मिक कवि सम्मेलन, गरबा-डांडिया, रंगोली-मेहंदी प्रतियोगिता, भजन संध्या, लोक नृत्य और संगीत प्रस्तुतियों सहित विभिन्न आयोजन होंगे।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत रीवा-सतना-मैहर से चित्रकूट-श्रीकालहस्ती की तीर्थ यात्रा के कार्यक्रम में भी संशोधन किया गया है।
मां शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति द्वारा जारी कार्यक्रम कैलेंडर के अनुसार, नवरात्र के पहले दिन 11 अक्टूबर को पेटिंग, स्केचिंग एवं चित्रकला प्रतियोगिता और फूड फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। दूसरे दिन 12 अक्टूबर को धार्मिक कवि सम्मेलन होगा। 13 अक्टूबर को गरबा एवं डांडिया प्रतियोगिता के साथ फूड फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम कैलेंडर के अनुसार, चित्रकला, रंगोली-मेहंदी और ट्रेजर हंट जैसी प्रतियोगिताएं सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएंगी। वहीं, धार्मिक कवि सम्मेलन, गरबा-डांडिया, भजन संध्या, फ्यूजन संगीत और लोक नृत्य के कार्यक्रम शाम 6 से रात 8 बजे तक होंगे।
इन आयोजनों के लिए शिक्षा, आबकारी, नगर पालिका, महिला एवं बाल विकास, पंचायत, लोक निर्माण, विद्युत, खाद्य एवं परिवहन सहित विभिन्न विभागों को नोडल विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दूसरी ओर, मध्य प्रदेश शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत प्रस्तावित तीर्थ यात्राओं की तारीखों में संशोधन किया है। विभाग के उप संचालक द्वारा 9 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, रीवा, सीधी, मऊगंज, सतना और मैहर जिलों से संबंधित चित्रकूट-श्रीकालहस्ती तीर्थ यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, तीर्थ यात्रा क्रमांक 12 के तहत रीवा, सीधी, मऊगंज, सतना और मैहर से चित्रकूट-श्रीकालहस्ती यात्रा पहले 12 अक्टूबर को प्रस्तावित थी। संशोधित कार्यक्रम में प्रस्थान की तारीख 10 दिसंबर 2026 और वापसी की तारीख 16 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और कटनी जिलों से संबंधित बालाघाट-नैनपुर-जबलपुर-कटनी-अयोध्या-वाराणसी (काशी) तीर्थ यात्रा के कार्यक्रम में भी बदलाव किया गया है। यह यात्रा पहले 22 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक प्रस्तावित थी, लेकिन संशोधन के बाद अब 23 नवंबर को प्रस्थान और 28 नवंबर 2026 को वापसी निर्धारित की गई है।
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री जी... टिमरनी को खेल मैदान चाहिए; हरदा में खिलाड़ियों ने हाथों में बैनर लेकर उठाई मांग