
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में विवादों और विरोध प्रदर्शनों के केंद्र में रहे डॉक्टरों की पदस्थापना अब सतना मेडिकल कॉलेज में हो रही है। पहले रीवा मेडिकल कॉलेज के तत्कालीन अधिष्ठाता डॉ. सुनील कुमार अग्रवाल को हटाकर सतना मेडिकल कॉलेज का अधिष्ठाता बनाया गया था।
अब महिला डॉक्टर की शिकायत और जूनियर डॉक्टरों के लगातार प्रदर्शन के बीच विवादों में आए जनरल मेडिसिन विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार इंदुरकर को भी शासन ने रीवा से सतना स्थानांतरित कर दिया है। इस फैसले के बाद सतना मेडिकल कॉलेज में रीवा से जुड़े विवादित प्रकरणों के डॉक्टरों की पदस्थापना को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने 17 नवंबर को डॉ. मनोज इंदुरकर के स्थानांतरण का आदेश जारी किया। उन्हें आगामी आदेश तक शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सतना में प्राध्यापक, जनरल मेडिसिन के पद पर पदस्थ किया गया है। आदेश में स्थानांतरण का आधार प्रशासकीय कार्य सुविधा बताया गया है।
यह पहला मौका नहीं है, जब रीवा मेडिकल कॉलेज से जुड़े विवादों के बीच वहां के वरिष्ठ अधिकारी को सतना भेजा गया हो। इससे पहले 6 सितंबर 2026 को रीवा मेडिकल कॉलेज के तत्कालीन अधिष्ठाता डॉ. सुनील कुमार अग्रवाल का तबादला कर उन्हें सतना मेडिकल कॉलेज का अधिष्ठाता बनाया गया था।
अब डॉ. मनोज इंदुरकर का मामला भी रीवा में लगातार सुर्खियों में रहा। एक महिला डॉक्टर की शिकायत और कथित बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद जूनियर डॉक्टरों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था। कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने एफआईआर और संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
कॉलेज प्रबंधन ने उन्हें जनरल मेडिसिन विभागाध्यक्ष के पद से हटाकर डॉ. अनुराग चौरसिया को यह जिम्मेदारी सौंप दी थी। इसके बावजूद विरोध जारी रहा। आखिरकार शासन ने उनका स्थानांतरण सतना मेडिकल कॉलेज कर दिया।
एक बार फिर रीवा मेडिकल कॉलेज से जुड़े विवाद के बीच वरिष्ठ डॉक्टर की सतना में पदस्थापना ने चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रशासनिक फैसलों को चर्चा में ला दिया है। हालांकि दोनों तबादलों के आधिकारिक आदेशों में प्रशासकीय कारणों का उल्लेख है और इन्हें किसी मामले में दोषसिद्धि नहीं माना जा सकता।
डॉ. इंदुरकर के खिलाफ शिकायतों की जांच और कानूनी कार्रवाई की स्थिति अलग विषय है। अब देखना होगा कि सतना मेडिकल कॉलेज में उनकी नई पदस्थापना के बाद क्या परिस्थितियां बनती हैं।
यह भी पढ़ें- रीवा मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल, ICU में डॉ. इंदुलकर की हालत गंभीर