
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। कागजी दस्तावेजों में हुई एक तकनीकी गड़बड़ी अब 16 वर्षीय आशीष कुमार कोल की पढ़ाई के रास्ते में बाधा बन गई है। कोठी वार्ड क्रमांक-2 निवासी आशीष के नाम पर दो आधार कार्ड बने हुए हैं और दोनों ही अब रद्द हो चुके हैं।
वैध आधार कार्ड नहीं होने के कारण वह 10वीं कक्षा में प्रवेश नहीं ले पा रहा है। आधार संबंधी समस्या का असर उसकी अपार आईडी बनने पर भी पड़ रहा है। परिवार ने इस दौरान समस्या दूर कराने के लिए स्थानीय अधिकारियों से लेकर दिल्ली स्तर तक संपर्क किया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो सका।
विद्यालय में आगे की पढ़ाई के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में आधार संबंधी जानकारी महत्वपूर्ण होने के कारण आशीष का प्रवेश भी अटक गया है। वैध आधार उपलब्ध नहीं होने से उसकी अपार आईडी भी नहीं बन पा रही है। इससे छात्र और परिवार की चिंता बढ़ गई है।
आशीष के पिता मनोज कोल का कहना है कि दस्तावेजों में हुई गलती का खामियाजा उनके बेटे को पढ़ाई प्रभावित होने के रूप में भुगतना पड़ रहा है। परिवार ने प्रशासन से दोनों आधार रिकॉर्ड की जांच कर सही रिकॉर्ड बहाल कराने और वैध आधार उपलब्ध कराने की मांग की है।
मामला सामने आने के बाद रघुराजनगर एसडीएम एलआर जांगड़े और कोठी तहसीलदार प्रज्ञा दुबे ने संबंधित अधिकारियों से बात की है। अधिकारियों ने जल्द समस्या का निराकरण कराने का भरोसा दिया है।
यह भी पढ़ें- एमपी में सरकारी नौकरी का ऐसा 'खेल'! फर्जी मार्कशीट से बन गए अफसर, CBI के हत्थे चढ़े 4 आरोपी