
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बांधवगढ़ कॉलोनी के मिहानी पुरम में शनिवार सुबह एक बुजुर्ग ने कट्टे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना में 86 वर्षीय अनूप चंद्र खन्ना की मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। बुजुर्ग अनूप चंद्र खन्ना ने कथित तौर पर अपने सीने में कट्टे से गोली मार ली। गोली चलने की आवाज से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही कोलगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाने के साथ ही घटना के कारणों का पता लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बुजुर्ग ने किन परिस्थिति में आत्महत्या जैसा कदम उठाया। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
86 वर्षीय बुजुर्ग द्वारा उठाए गए इस कदम के पीछे पारिवारिक, व्यक्तिगत अथवा अन्य कोई कारण था, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है।