
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिले के नागौद थाना क्षेत्र के ग्राम इटमा में चोरों ने एक सेवानिवृत्त प्राचार्य के फाॅर्म हाउस को निशाना बनाया। चार पहिया वाहन से पहुंचे करीब चार बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से फाॅर्म हाउस के पांच ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
कीमती सामान रखे कमरे का इंटरलॉक तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहे। अंततः बदमाश किचन में रखा गैस सिलेंडर और चूल्हा लेकर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
बदमाश चार पहिया वाहन से फाॅर्म हाउस पहुंचे थे। उन्होंने अंदर घुसने के लिए एक के बाद एक पांच तालों को तोड़ा। फाॅर्म हाउस के भीतर रखे कीमती सामान तक पहुंचने के लिए कमरे का इंटरलॉक तोड़ने की कोशिश की।
काफी देर तक मशक्कत करने के बावजूद जब वे कमरे में प्रवेश नहीं कर सके तो किचन में रखा गैस सिलेंडर और चूल्हा समेटकर मौके से निकल गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद फाॅर्म हाउस संचालक ने नागौद थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मौके और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में पेट्रोल पंप पर डकैती डालने से पहले ही चार गिरफ्तार, 10 वारदातों का किया खुलासा