थप्पड़ का बदला लेने इंदौर से सतना पहुंचे 4 युवक, खाने के बहाने बुलाकर किया अपहरण का प्रयास, भीड़ ने एक को पकड़ा
दो साल पहले मारा गया एक थप्पड़ ऐसी रंजिश की वजह बना कि उसका बदला लेने के लिए इंदौर से चार युवक सतना पहुंच गए।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 08:52:33 PM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 08:54:03 PM (IST)
HighLights
- शोर सुनकर दौड़े लोग, एक आरोपी दबोचा
- मौके पर मौजूद लोगों ने एक को पकड़ लिया
- दो साल पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। दो साल पहले मारा गया एक थप्पड़ ऐसी रंजिश की वजह बना कि उसका बदला लेने के लिए इंदौर से चार युवक सतना पहुंच गए। पुराने विवाद का हिसाब चुकता करने के इरादे से आरोपियों ने एक युवक को खाने-पीने के बहाने मिलने बुलाया और फिर घेरकर मारपीट शुरू कर दी।
इतना ही नहीं, उसे जबरन कार में बैठाकर अगवा करने की कोशिश भी की। हालांकि युवक के शोर मचाने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने कार को घेर लिया और युवक को आरोपियों के चंगुल से छुड़ा लिया। इस दौरान एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि उसके तीन साथी भागने में सफल रहे।
दोस्ती के बाद विवाद, थप्पड़ बना दुश्मनी की वजह
कोलगवां पुलिस के मुताबिक, नवीन द्विवेदी (28) मूल रूप से गुढ़वा, बिरसिंहपुर का निवासी है और फिलहाल शिव कॉलोनी में रहता है। वह वर्ष 2022 से 2024 तक इंदौर में नौकरी करता था। इसी दौरान उसकी पहचान धीरज गढ़वाल से हुई और दोनों के बीच दोस्ती हो गई।
दो साल पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था
साथ काम करने के दौरान करीब दो साल पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान नवीन ने धीरज को थप्पड़ मार दिया था। इसी घटना को लेकर धीरज के मन में रंजिश बनी हुई थी। दो साल पुरानी रंजिश में शहर के बीचोबीच हुई इस वारदात ने दिनदहाड़े युवक की सुरक्षा और अपराधियों के दुस्साहस को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एकता टावर के पास रची हमले की साजिश
शुक्रवार दोपहर धीरज रीवा रोड स्थित एकता टावर के पास नवीन को मिला। उसने खाने का सामान लाने के बहाने उसे अपने पास बुलाया। नवीन जब बताए गए स्थान पर पहुंचा तो धीरज काले रंग की कार में अपने तीन अन्य साथियों के साथ मौजूद था।
चारों ने नवीन के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट करने लगे। इसके बाद आरोपी उसे जबरन कार में बैठाकर ले जाने का प्रयास करने लगे।
शोर सुनकर दौड़े लोग, एक आरोपी दबोचा
खुद को आरोपियों के बीच घिरा देखकर नवीन ने जोर-जोर से शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और कार को घेरकर आरोपियों की कोशिश नाकाम कर दी। भीड़ की मदद से नवीन को छुड़ा लिया गया। मारपीट में उसके बाएं हाथ, कोहनी, चेहरे और गर्दन पर चोटें आई हैं।
मौके पर मौजूद लोगों ने एक को पकड़ लिया
मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपियों में से एक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। उसके तीन अन्य साथी फरार हो गए। नवीन फरार आरोपियों की पहचान नहीं कर सका। जाते-जाते आरोपी उसे जान से मारने की धमकी भी दे गए।
पुलिस ने नवीन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार तीन आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।