
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। शहर के वेंकट विद्यालय के छात्रावास में छात्राओं के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। छात्रावास की वार्डन संध्या सराफ पर मारपीट का आरोप लगाते हुए छात्राएं अपने परिजनों के साथ सिटी कोतवाली पहुंच गईं।
छात्राओं ने पुलिस से मामले की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने वार्डन को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है।
जानकारी के मुताबिक छात्रावास में रहने वाली 5 से 6 छात्राएं अपने परिजनों के साथ सिटी कोतवाली थाने पहुंचीं। छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास की वार्डन संध्या सराफ ने उनके साथ मारपीट की। इस घटना से नाराज छात्राओं ने परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद सभी शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे।
बताया जा रहा है कि छात्रावास में छात्राओं के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद हुआ था। इसी दौरान वार्डन ने हस्तक्षेप करते हुए छात्राओं को डांट-फटकार लगाई।
वार्डन द्वारा एक-दो छात्राओं को थप्पड़ मारने की बात भी सामने आई है। हालांकि मारपीट किन परिस्थितियों में हुई और विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी हेमंत शर्मा ने बताया कि पांच से छह छात्राएं थाने पहुंची थीं। उन्होंने छात्रावास की वार्डन के खिलाफ मारपीट की शिकायत की है।
शिकायत के आधार पर वार्डन को भी थाने बुलाया गया है। दोनों पक्षों से पूछताछ और मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस छात्राओं की शिकायत की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
यह भी पढ़ें- सतना के विट्स कॉलेज में सुनंदा शर्मा के कार्यक्रम में धक्का-मुक्की, अफरा-तफरी का वीडियो वायरल