मैहर जिले में छात्राओं से शौचालय साफ करवाने पर सरकारी स्कूल की प्रिंसिपल सस्पेंड
मध्य प्रदेश के मैहर जिले में एक सरकारी स्कूल की प्रिंसिपल को छात्राओं से शौचालय साफ करवाने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 05:01:33 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 05:01:33 PM (IST)
HighLights
- जिला मजिस्ट्रेट ने प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई की
- कहा, छात्राएं तो बस शौचालय में पानी डाल रही थीं
- जांच में छात्राओं से छात्राओं से शौचालय साफ करवाने की पुष्टि
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में एक सरकारी स्कूल की प्रिंसिपल को छात्राओं से शौचालय साफ करवाने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। घटना सोमवार दोपहर को घुनवारा स्थित सरकारी स्कूल में हुई।
सोशल मीडिया पर इसका एक वीडियो वायरल होने के बाद जिला मजिस्ट्रेट ने प्रिंसिपल लीला बाई सिंह के खिलाफ कार्रवाई की।
छात्रा एक ड्रम से पानी डाल रही है
वीडियो में एक छात्रा वाइपर से महिला शौचालय का फर्श साफ करती दिख रही है, जबकि दूसरी छात्रा एक ड्रम से पानी डाल रही है। कुछ अन्य छात्राएं भी पास में खड़ी दिखाई दे रही हैं। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने प्रिंसिपल से सवाल भी किया।
कहा, छात्राएं तो बस शौचालय में पानी डाल रही थीं
शुरुआत में उन्होंने इस बात से इनकार किया कि छात्राओं को शौचालय साफ करने के लिए मजबूर किया जा रहा था। बाद में उन्होंने कहा कि छात्राएं तो बस शौचालय में पानी डाल रही थीं। वीडियो सामने आने के बाद मैहर की कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने जांच के आदेश दिए।
जांच में छात्राओं से छात्राओं से शौचालय साफ करवाने की पुष्टि
कलेक्टर ने मंगलवार शाम को सस्पेंशन का आदेश जारी करते हुए बताया कि घुनवारा के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल के क्लस्टर प्रिंसिपल और एक शिक्षक ने शुरुआती जांच की, जिसमें पुष्टि हुई कि लीला बाई सिंह ने छात्राओं से शौचालय साफ करवाए थे।
आदेश में कहा गया है कि स्कूल प्रिंसिपल का यह कदम अपने आधिकारिक कर्तव्यों के निर्वहन में घोर लापरवाही है और इससे विभाग की छवि खराब हुई है। आदेश में कहा गया है, प्रिंसिपल सिंह का यह कृत्य 'मध्य प्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम, 1965' का उल्लंघन है। उन्हें 'मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण और अपील) नियम, 1966' के तहत सस्पेंड किया गया है।