
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। चित्रकूट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चित्रकूट थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
वहीं, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस के अनुसार, हादसे में सुनील गुप्ता (50), पिता मूलचंद गुप्ता, निवासी द्विवेदी नगर, गल्ला मंडी, कानपुर और हिमांशु सिंह सेंगर (30), पिता स्वर्गीय दिनेश सिंह सेंगर, निवासी गंगापुर कॉलोनी, यशोदा नगर, कानपुर की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- न्यू मार्केट अग्निकांड के बाद जागी नगर सरकार, 11 घंटे चली कार्रवाई में 4 ट्रक सामान जब्त, हटाई गईं अवैध रेहड़ियां
दुर्घटना में राजकुमार गुप्ता (37), निवासी ग्राम टेढ़ा, थाना मारूहा, सुमेरपुर, जिला हमीरपुर; गोपाल तिवारी (42), निवासी संजय गांधी नगर, थाना नौबस्ता, कानपुर; दीपक तिवारी (35), निवासी नौबस्ता, थाना बिधनू, कानपुर नगर और राहुल पांडे (35), निवासी गंगापुर कॉलोनी, यशोदा नगर, कानपुर घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
हादसे के बाद सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो के कारण यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।