
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर। जिले के अमरपाटन के प्राथमिक विद्यालय परिसर में बच्चों की चहल-पहल के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल के खुले कुएं में विशाल मगरमच्छ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने जब कुएं में मगरमच्छ होने की सूचना वन विभाग को दी।
वन परिक्षेत्र अमरपाटन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कुआं गहरा होने और विद्यालय परिसर में बच्चों की आवाजाही को देखते हुए वन अमले ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कई प्रयासों के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मामला रामनगर बीट कोलगढ़ अंतर्गत ग्राम धनवाही स्थित प्राथमिक विद्यालय का है। वन विभाग के अनुसार, विद्यालय परिसर के खुले कुएं में मगरमच्छ गिर गया था। ग्रामीणों की सूचना पर वन परिक्षेत्र अमरपाटन का बचाव दल आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचा।

कुएं की गहराई को देखते हुए टीम ने सीढ़ी और सुरक्षा रस्सियों की मदद से नीचे उतरकर रेस्क्यू की प्रक्रिया शुरू की। मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने के लिए वनकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
.jpeg)
रेस्क्यू के दौरान विद्यालय परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वन अमले ने लोगों को कुएं से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी। सावधानीपूर्वक किए गए प्रयासों के बाद टीम ने मगरमच्छ को कुएं से बाहर निकाल लिया। बाहर निकालने के बाद उसका प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वन विभाग के मुताबिक मगरमच्छ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया।

रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित तरीके से बाणसागर बांध पहुंचाया। यहां गहरे जलाशय में उसे प्राकृतिक वातावरण में स्वच्छंद विचरण के लिए छोड़ दिया गया। इस तरह वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के दौरान एक वन्यजीव की जान बचाने के साथ ही विद्यालय के बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की गई।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में NGT की स्टोन क्रशर इकाइयों पर सख्ती, आबादी; मंदिर और सरकारी निर्माण से 500 मीटर में संचालन पर रोक