
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। दीपावली अमावस्या मेले में धर्म, आस्था, लोक संस्कृति और सदियों पुरानी परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिला।
मंदाकिनी के रामघाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, कामदगिरि की पांच कोसी परिक्रमा, 500 ड्रोन से आसमान में साकार हुई रामायण और यादव समाज की मौन चराई व देवारी नृत्य ने चित्रकूट की दीपावली को यादगार बना दिया।
सोमवार सुबह मंदाकिनी तट पर शुरू हुए ऐतिहासिक गधा मेले ने धार्मिक आयोजन के बीच अपनी अलग पहचान बनाई।
.jpeg)
रविवार को दीपावली अमावस्या पर चित्रकूट में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दोपहर दो बजे तक 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी नदी में स्नान किया।
20 लाख से ज्यादा लोगों ने भगवान कामतानाथ के दर्शन कर कामदगिरि की परिक्रमा की। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, झारखंड और दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचे।

मेले का सबसे आकर्षक नजारा रविवार रात रामघाट पर देखने को मिला, जब पहली बार 500 ड्रोन के जरिए करीब 30 मिनट का विशेष शो आयोजित किया गया।
आसमान में 'जय श्रीराम' की आकृति दिखाई दी तो रामघाट जयकारों से गूंज उठा। घाटों और आसपास की छतों से श्रद्धालु इस अद्भुत नजारे को मोबाइल में कैद करते नजर आए।
.jpeg)
दीपावली के दूसरे दिन सोमवार को यादव समाज ने अपनी पारंपरिक मौन चराई और देवारी नृत्य की परंपरा निभाई। तड़के मंदाकिनी में स्नान के बाद युवाओं और बुजुर्गों ने मौन व्रत धारण किया। हाथों में मोरपंख और लाठियां लेकर नंगे पैर भ्रमण किया।
चित्रकूट की गलियों और रामघाट पर देवारी नृत्य ने भी लोगों का ध्यान खींचा। पारंपरिक रंग-बिरंगे परिधानों और सिर पर मोरपंख के मुकुट सजाए कलाकारों ने ढोल, नगड़िया और मंजीरों की थाप पर लाठियां भांजते हुए लोक संस्कृति की जीवंत प्रस्तुति दी।

सोमवार सुबह छह बजे मंदाकिनी नदी के किनारे पारंपरिक गधा मेला भी शुरू हुआ। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से व्यापारी गधे लेकर पहुंचे।
मेले की खास पहचान फिल्मी सितारों के नाम पर गधों का नामकरण है। यहां अमिताभ बच्चन, मिथुन चक्रवर्ती, शाहरुख खान और संजय कपूर जैसे नाम वाले गधे आकर्षण का केंद्र बने रहे।
व्यापारी इन्हीं नामों से खरीदारों को गधों की पहचान बताते हैं। उनकी कीमत नस्ल, कद-काठी, लंबाई और ताकत के आधार पर तय होती है। व्यापारियों के मुताबिक मेले में हर साल करोड़ों रुपये का कारोबार होता है।
स्थानीय मान्यता है कि इस मेले की शुरुआत मुगल शासक औरंगजेब के शासनकाल में हुई थी। तब से यह परंपरा लगातार चली आ रही है।
दीपावली अमावस्या मेले के दौरान रामघाट, कामतानाथ, सती अनुसुइया, गुप्त गोदावरी, रामसैया और देवांगना सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं ने दीपदान किया। धनतेरस से शुरू हुआ पांच दिवसीय मेला 11 नवंबर तक चलेगा।
धार्मिक मान्यता है कि भगवान श्रीराम ने वनवास के दौरान माता सीता और लक्ष्मण के साथ चित्रकूट में 11 वर्ष, 11 महीने और 11 दिन बिताए थे। यही वजह है कि चित्रकूट की धरती रामभक्तों के लिए विशेष आस्था का केंद्र है।
इस बार दीपावली मेले ने एक बार फिर साबित किया कि चित्रकूट केवल तीर्थस्थल नहीं, बल्कि धर्म, लोक संस्कृति, परंपरा और जनआस्था का ऐसा केंद्र है, जहां हर आयोजन अपनी अलग छाप छोड़ता है।
यह भी पढ़ें- दीवाली के बाद जबलपुर में आतिशबाजी और धुएं से वायु की गुणवत्ता बेहद खराब, हो जाएं सावधान