
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। शहर की सड़क पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब दो बजे एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने आसपास से गुजर रहे लोगों को दहशत में डाल दिया।
गनीमत रही कि आग की लपटें विकराल रूप लेने से पहले ही ड्राइवर ने कार से छलांग लगा दी और अपनी जान बचा ली। हालांकि, उसका मोबाइल फोन कार के भीतर ही रह गया। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में व्यंकट-1 स्कूल के सामने की है।
कार क्रमांक एमपी 20 सीएच 9946 को ड्राइवर मयंक रैकवार चला रहा था। बताया जा रहा है कि वह कटनी से लौटकर सतना आ रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन से उसका नियंत्रण हट गया।
कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही पलों में कार से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं।
कार में अचानक आग लगते ही चालक मयंक रैकवार के सामने जान बचाने का संकट खड़ा हो गया। उसने बिना देर किए कार से बाहर छलांग लगा दी। इस तरह उसकी जान तो बच गई, लेकिन जल्दबाजी में मोबाइल फोन वाहन के अंदर ही छूट गया। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार के मालिक विपिन रैकवार बताए गए हैं।
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया। दमकलकर्मियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। घटना की जानकारी कार मालिक के परिचित अतुल चतुर्वेदी को भी दी गई। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- सतना में चौरेही गांव के पास डामर प्लांट में भीषण आग, हाइवा समेत तैयार मटेरियल जले