
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिले के मझगवां थाना क्षेत्र के चौरेही गांव के समीप चितहरा-बिरसिंहपुर मार्ग पर स्थित डामर प्लांट में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि प्लांट में रखा तैयार मटेरियल और मशीनरी इसकी चपेट में आ गए। वहीं, प्लांट परिसर में खड़ा एक हाइवा वाहन भी आग की चपेट में आकर जल गया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, कृष्णा इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी द्वारा संचालित इस डामर प्लांट में सुबह अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
प्लांट में तैयार किया जा रहा डामर मटेरियल जलकर राख हो गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मझगवां थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती दौर में दमकल वाहन के नहीं पहुंचने के कारण आग बुझाने के प्रयासों में परेशानी आई। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
राहत की बात यह रही कि घटना में अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि प्लांट और हाइवा वाहन को काफी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
यह भी पढ़ें- रिश्वतखोरी गंभीर कदाचार, संविदा नवीनीकरण का अधिकार नहीं; हाई कोर्ट में याचिका खारिज