
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। बिरला रोड स्थित संतोषी माता तालाब परिसर में छठ पूजा के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट शुरू हो गई।
धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
छठ पूजा के अवसर पर संतोषी माता तालाब परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के युवक आपस में भिड़ गए। मारपीट के दौरान उनके साथ मौजूद परिजन भी बीच-बचाव करते नजर आए।
घटना के कारण कुछ समय के लिए पूजा स्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। हालांकि, विवाद की असल वजह अभी सामने नहीं आई है।
सरेआम हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आयोजन स्थल की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
यह भी पढ़ें- मैहर में टैंकर में घुसी कार, 100 मीटर घिसटने के बाद भड़की आग; 3 लोग घायल