
नईदुनिया, प्रतिनिधि, सतना। यहां 25 वर्षीय विवाहिता साक्षी कचेर ने घर के अंदर पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां की मौत से उसके दो मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार, साक्षी कचेर का विवाह पुष्पेंद्र कचेर से हुआ था। उसका मायका सीधी जिले के रामपुर नैकिन में बताया गया है। घटना के समय पति पुष्पेंद्र कुलगढ़ी स्थित अपनी किराना दुकान पर था।
रात में जब वह दुकान बंद कर घर पहुंचा तो दोनों बच्चे घर के बाहर रोते हुए बैठे मिले। बच्चों को इस हालत में देखकर वह तत्काल घर के अंदर पहुंचा, जहां पत्नी साक्षी का शव पंखे से फंदे पर लटका मिला।
घटना देखकर पति ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पोड़ी चौकी से प्रधान आरक्षक संतोष गहरवार और आरके कुशवाहा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए नागौद अस्पताल भेज दिया।
फिलहाल विवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों सहित घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में मोपेड सवार तीन लुटेरे गिरफ्तार, चांदी की चेन-ब्रेसलेट व वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त