
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिला अस्पताल के कंपाउंडर को दो युवकों द्वारा कथित तौर पर जबरन कार में बैठाने और बैंक से निकाले गए 40 हजार रुपये गायब होने का मामला सामने आया है।
कंपाउंडर दिलीप ने कोलगवां थाने में शिकायत की है। पुलिस अब शहर के स्मार्ट सिटी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्ध युवकों और कार की पहचान में जुटी है।
दिलीप के मुताबिक, मंगलवार दोपहर वह बैंक से 40 हजार रुपये निकालकर लौट रहे थे। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे।
दोनों ने खुद को अस्पताल की एक सिस्टर का परिचित बताया और चाय पीने चलने के लिए कहा। दिलीप ने उनके साथ जाने से मना किया तो आरोप है कि दोनों उन्हें जबरन कार में बैठाकर ले गए।
कुछ दूरी पर कृष्ण नगर मोड़ के पास दोनों ने उन्हें कार से उतार दिया और वहां से चले गए। कार से उतरने के बाद दिलीप ने जेब देखी तो बैंक से निकाले गए 40 हजार रुपये नहीं मिले। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने स्मार्ट सिटी के कैमरों की फुटेज की जांच शुरू की। फुटेज में संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार सर्किट हाउस चौक से सिविल लाइन चौक, कोठी रोड और बगहा बाईपास होते हुए हाईवे की ओर जाती दिखाई दी।
पुलिस के अनुसार कार पर लगा पंजीयन नंबर भी संदिग्ध मिला। जांच में यह नंबर स्विफ्ट डिजायर के बजाय क्रेटा कार का इंदौर पंजीयन नंबर पाया गया। पुलिस अब फुटेज के आधार पर दोनों युवकों की पहचान और उनकी तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- अब शोध के लिए नहीं ताकेंगे किसी का मुंह, जबलपुर का वेटरनरी विश्वविद्यालय देगा प्रोफेसरों को फंड