
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र के नैना सगमनिया गांव में घर के बाड़े में आग लगाने का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने जानवर बांधने वाले बाड़े में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
आग की चपेट में आने से वहां खड़ी स्कूटी पूरी तरह जल गई, जबकि एक गाय झुलस गई। बाड़े में रखा अन्य सामान भी आग से नष्ट हो गया।
घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान बाड़े में आग लग गई। आग की लपटें और धुआं देखकर परिजनों की नींद खुली।
नैना सगमनिया निवासी मनजय सिंह ने घटना को लेकर गांव के कुछ युवकों पर संदेह जताया है। उनका मानना है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पीड़ित ने कोलगवां थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
सूचना के बाद बाबूपुर चौकी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल आग लगाने की असली वजह और वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस शिकायत के आधार पर घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में पेट्रोल पंप पर डकैती डालने से पहले ही चार गिरफ्तार, 10 वारदातों का किया खुलासा