
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिले के सभापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। बिरसिंहपुर-कोटर मार्ग पर डोमहाई गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बाइक सवारों को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे के बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, लौलाच निवासी सत्यनारायण साकेत (24) सोमवार को बिरसिंहपुर स्थित अपनी ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने गया था।
समारोह समाप्त होने के बाद वह अपने जीजा हरिलाल (निवासी पगार) और साथी रणधीर सिंह (निवासी नई बस्ती, कोलगवां) के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। इसी दौरान डोमहाई गांव के पास सामने से आ रही कार क्रमांक एमपी 19 जेडआर 8610 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में हरिलाल हरिजन और रणधीर सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सत्यनारायण गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सत्यनारायण को बिरसिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद कार में सवार लोग वाहन छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और उसके ड्राइवर सहित अन्य सवारों की पहचान कर तलाश शुरू कर दी है। सत्यनारायण का पोस्टमार्टम सतना जिला अस्पताल में, जबकि हरिलाल और रणधीर के शवों का पोस्टमार्टम बिरसिंहपुर में कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 'पुलिस तय नहीं करेगी कि कहां कराएं इलाज', MP High Court ने सरकार की दलील को बताया हास्यास्पद