
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर। होमवर्क पूरा नहीं करने पर छठवीं कक्षा की छात्रा के साथ कथित रूप से मारपीट और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है।
मैहर के मां शारदा पब्लिक स्कूल में हुई इस घटना में शिक्षिका पर छात्रा के बाल इतनी बेरहमी से खींचने का आरोप है कि बालों का गुच्छा उखड़कर उसके हाथ में आ गया।
बच्ची जब अपने उखड़े हुए बाल लेकर घर पहुंची, तो परिजन यह देखकर स्तब्ध रह गए। घटना के बाद से परिवार में आक्रोश है। परिजनों ने संबंधित शिक्षिका और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, कक्षा में गृहकार्य नहीं दिखा पाने पर शिक्षिका ने छात्रा के साथ कथित रूप से क्रूर व्यवहार किया। आरोप है कि शिक्षिका ने उसके बाल जोर से खींचे, जिससे सिर के बालों का गुच्छा उखड़ गया।
शिक्षण संस्थानों में बच्चों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी है। बच्चों को अनुशासन सिखाने के नाम पर शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना की अनुमति नहीं दी जा सकती। ऐसे में मां शारदा पब्लिक स्कूल में सामने आए इस मामले ने शिक्षकों के व्यवहार और स्कूल में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिजनों ने पुलिस और शिक्षा विभाग से मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही स्कूल प्रबंधन की भूमिका की जांच करने की भी मांग उठ रही है। मामले में पुलिस और शिक्षा विभाग की कार्रवाई तथा स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके वृद्धाें को मिलेगी प्रतिमाह तीन हजार रुपये पेंशन