
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। चित्रकूट में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। चित्रकूट विकास प्राधिकरण कार्यालय भवन में आयोजित कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने पर सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस भड़क गए।
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री, मझगवां के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) और जनपद पंचायत मझगवां के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। जन अभियान कार्यक्रम में विलम्ब से पहुंचे जनपद सीईओ राहुल पाण्डेय से जब इसका कारण पूछा गया तो वह सफाई देने लगे।
जिस पर जिला कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस ने सीईओ को जमकर फटकारा। कलेक्टर ने कहा कि आपके क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किया और आप ही हो गए गायब।
जनविश्वास अभियान के साथ ही कलेक्टर ने दीपावली मेले की तैयारियों को लेकर चित्रकूट विकास प्राधिकरण सभागार में समीक्षा बैठक की। मेले की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इसके पहले कलेक्टर ने कामतानाथ प्रमुख मंदिर, परिक्रमा मार्ग और अन्य मंदिरों का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की स्थिति देखी।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को परिक्रमा मार्ग सहित सभी आवश्यक निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपावली मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए निर्देश दिया।
जनसुनवाई कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, मझगवां एसडीएम आईएएस महिपाल सिंह गुर्जर, नगर परिषद अध्यक्ष साधना पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राव प्रबल श्रीवास्तव, भाजपा नेता ओमप्रकाश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और आमजन उपस्थित रहे।