
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर। मां शारदा मंदिर की पहाड़ियों पर तेंदुए की लगातार मौजूदगी से एक बार फिर श्रद्धालुओं और आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गुरुवार शाम मंदिर की पहाड़ी पर वैन मार्ग की ओर तेंदुआ सड़क पार करता हुआ दिखाई दिया।
मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने अपने मोबाइल फोन में उसका वीडियो बना लिया, जो शुक्रवार सुबह सामने आया। पिछले करीब पांच महीनों से पहाड़ी क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं।
इधर, देवी जी चौकी क्षेत्र के सहिलरा गांव के समीप भी तेंदुए की दस्तक से ग्रामीण परेशान हैं। यहां तेंदुए ने एक बकरी के बच्चे पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया।
लगातार मिल रही लोकेशन और तेंदुए के दिखाई देने की घटनाओं के बाद वन विभाग ने मां शारदा की पहाड़ियों पर ट्रैप कैमरे लगाए थे। नवरात्रि के दौरान कैमरों के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की गई थी कि पहाड़ी क्षेत्र में एक तेंदुआ है या एक से अधिक। मैहर वन परिक्षेत्र के रेंजर शुभम खरे के अनुसार, ट्रैप कैमरों की निगरानी में इलाके में एक ही तेंदुए की मौजूदगी सामने आई है।
वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए मंदिर की पहाड़ियों में पिंजरे भी लगाए हैं, लेकिन अब तक वह पिंजरे में नहीं आया है। विभागीय टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए भी सतर्कता बरती जा रही है।
लगातार पांच महीने से तेंदुए की मौजूदगी और आसपास के गांवों में मवेशियों पर हमलों की घटनाओं ने वन विभाग के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। ग्रामीणों ने तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।