
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर। बुधवार को मैहर आयोजित भारत संकल्प सभा के दौरान जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली जुड़कर लोगों को संबोधित करने वाले थे कि ठीक उसके पहले पार्टी के ही कार्यकर्ताओं में मंचासीन होने को लेकर बहस शुरू हो गई। जिसे सुनकर मंच के नीचे बैठे आम नागरिक आनंद लेते नजर आए।
मां शारदा मंदिर मार्ग पर आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा के दौरान मंच पर जगह नहीं मिलने से भारतीय जनता पार्टी के जिला संयोजक विश्वनाथ तिवारी खासा नाराज हो उठे।
मंच पर मौजूद नेताओं व अधिकारियों से नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि मैं भी पार्टी का जिला संयोजक हूं। इसके साथ विश्वनाथ तिवारी मंच पर बैठे कुछ लोगों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए भड़क उठे। इस प्रकार पीएम मोदी के संबोधन से ठीक पूर्व उपजे विवाद से कार्यक्रम स्थल पर तनाव व असामंजस्य की स्थिति उत्पन्न हो गई।
मंच पर मौजूद बहुत से अन्य नेताओं व विधायक ने समझाते हुए उन्हें शांत कराने का प्रयास किया परंतु वह नहीं माने और ज्यादा गुस्सा दिखाते हुए कार्यक्रम स्थल छोड़कर जाने लगे। जिस पर तत्काल वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें रोका और शांत कराते हुए कार्यक्रम में रहने की अपील की।
कुछ नेताओं ने अलग से समझाया और उनके लिए मंच पर जगह भी मुर्करर की। तब जाकर भाजपा के जिला संयोजक गुस्सा शांत करते हुए वापस कार्यक्रम में मंच पर आसीन हुए। इसके बाद कार्यक्रम आगे बढ़ा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।
विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। खैर, इस पूरे घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तक मंच पर स्थान को लेकर हुए इस घटनाक्रम की चर्चा कार्यक्रम के बाद भी बनी रही।
यह भी पढ़ें- साधु बनकर 15 साल तक देता रहा चकमा, कई जिलों की पुलिस खोज रही थी, जबलपुर में पकड़ा गया