
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिले के गुप्त गोदावरी में मोबाइल चोरी के शक में नाबालिग को क्रूर सजा दिए जाने का मामला सामने आया है। नाबालिग को एक दुकान के अंदर ले जाकर उसके कपड़े उतारने, हाथ-पैर बांधकर मारपीट करने और घंटों प्रताड़ित करने का आरोप लगा है।
बच्चे को करंट लगाने और पैरों के नाखून उखाड़ने जैसी गंभीर शिकायत भी पुलिस तक पहुंची है। घटना से जुड़ा एक वीडियो मंगलवार को सामने आया है। पीड़ित के पिता की शिकायत पर चित्रकूट पुलिस तीन लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार चित्रकूट से करीब 18 किमी दूर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गुप्त गोदावरी में राजेश पटेल की मोबाइल की दुकान है। आरोप है कि मोबाइल चोरी के संदेह में राजेश पटेल और दो अन्य लोगों ने आठ वर्ष के एक बच्चे को दुकान में ले जाकर मारा पीटा। उसके कपड़े उतार कर करंट लगाया और नाखून तक उखाड़ दिए।
यही नहीं इन्हीं लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसे जांच का हिस्सा बनाया है। पुलिस वीडियो की सत्यता, घटनाक्रम और साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।
संभागीय पुलिस अधिकारी राजेश सिंह बंजारे ने बताया कि इस मामले में राजेश पटेल के अलावा रिंकू पटेल व शिवाकांत पटेल निवासी ग्राम टेढ़ी, थाना नयागांव सतना को आरोपित बनाया गया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में हरतालिका तीज पर सहेली के घर पूजा करने गई थी, पति ने फंदे से लटककर दे दी जान