
वन भूमि पर कब्जे की कोशिश नाकाम
सखौआ बीट में कार्रवाई, झोपड़ियां हटाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। वन मंडल सतना के वन परिक्षेत्र उचेहरा की सखौआ बीट में वन भूमि पर कब्जे की कोशिश को वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए विफल कर दिया। वन विभाग के अनुसार पी-386 क्षेत्र में 12 लोग वन भूमि पर अतिक्रमण करने की तैयारी में जुटे थे।
बताया गया कि 22 सितंबर को वन विभाग के अधीनस्थ स्टाफ ने सखौआ बीट में कार्रवाई की। टीम को वन क्षेत्र में अतिक्रमण की गतिविधियों की जानकारी मिली थी।

मौके पर पहुंचने पर वहां झोपड़ी सहित अन्य अस्थायी संरचनाएं बनाई गई थीं और वन भूमि पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा था। विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए झोपड़ियों को हटाया और करीब एक हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद 12 अतिक्रमणकारियों के पास अवैध हथियार पाए जाने की बात वन विभाग ने कही है। इनमें देसी कट्टा, धारदार हथियार तथा जिंदा कारतूस शामिल हैं।
विभाग ने वन अपराध प्रकरण क्रमांक 152/21, दिनांक 22 सितंबर 2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हथियारों के संबंध में भी संबंधित स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग का कहना है कि वन भूमि पर अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बढ़ने नहीं दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में गोल्ड लोन की रिकवरी करने पहुंचे बैंक मैनेजर पर जानलेवा हमला, कैंट थाने में कर्मियों का हंगामा