
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर। मां शारदा के दर्शन करने और जन्मदिन मनाने मैहर पहुंची 22 वर्षीय ( कंफर्म अभी नहीं, 17 वर्ष भी संभावित) युवती की एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना देवीजी रोड स्थित आस्था लॉज की बताई जा रही है।
युवती अपनी सगी बहन और कुछ अन्य साथियों के साथ जबलपुर से मैहर आई थी। उसकी अचानक मौत की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
युवती अपने परिजनों और दोस्तों के साथ रविवार तड़के करीब तीन बजे मैहर पहुंची थी। सभी अलग-अलग कमरों में ठहरे हुए थे। इसी दौरान युवती की तबीयत बिगड़ गई। उसे लेकर साथी मैहर सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद साथ आए युवक और युवती शव को अपने साथ ले जाने की जिद करने लगे। चिकित्सकों ने पुलिस की मौजूदगी और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक शव सौंपने से इनकार कर दिया।
मामले की सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। घटना की जानकारी मिलने पर किशारी के के माता-पिता भी मैहर पहुंच गए हैं।
पुलिस होटल में ठहरने, साथ आए लोगों और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। ज्यादा ब्लीडिंग से मौत होने की बात भी सामने आ रही है, हालांकि अभी चिकित्सकीय रूप से प्रमाणित नहीं है।
मैहर सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, मृतका के माता-पिता मैहर पहुंच चुके हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।