
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। दो बच्चियों को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर घर से भगाने और सोने-चांदी के आभूषण लेकर मुंबई जाने की सूचना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को अलर्ट कर दिया। जबलपुर कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद सतना रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने गोदान एक्सप्रेस के संबंधित कोच में पहुंचकर तलाश की, लेकिन जिस बर्थ पर संदिग्ध महिला के होने की जानकारी दी गई थी, वहां एक अन्य व्यक्ति मिला।
उसने भी इस मामले में किसी तरह की जानकारी होने से इनकार कर दिया। इसके बाद संदिग्ध महिला और दोनों बच्चियों का पता नहीं चल सका।
जीआरपी पुलिस के मुताबिक, जबलपुर कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि गोदान एक्सप्रेस के एस-6 कोच की बर्थ नंबर 59 पर एक महिला मौजूद है, जो कथित तौर पर दो बच्चियों को बहला-फुसलाकर घर से भगाकर लाई है। सूचना में महिला के घर से सोने-चांदी के आभूषण लेकर मुंबई जाने की बात भी बताई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सतना स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही जीआरपी सक्रिय हो गई और संबंधित कोच में पहुंचकर बताई गई बर्थ की जांच की।
ट्रेन के सतना स्टेशन पर रुकने के दौरान जब जीआरपी जवान एस-6 कोच की बर्थ नंबर 59 पर पहुंचे, तो वहां सूचना में बताई गई महिला नहीं मिली। बर्थ पर मौजूद दूसरे व्यक्ति से पूछताछ की गई, लेकिन उसने घटना के संबंध में कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया। ऐसे में पुलिस के सामने यह सवाल खड़ा हो गया कि सूचना में बताई गई महिला और दोनों बच्चियां आखिर कहां हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि संदिग्ध महिला ट्रेन से पहले ही किसी स्टेशन पर उतर गई या सूचना में बताए गए विवरण में कोई अंतर था। दोनों बच्चियों की वास्तविक स्थिति और सुरक्षा को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। मामले में महिला की पहचान, बच्चियों के बारे में जानकारी और उनके संभावित गंतव्य का पता लगाना महत्वपूर्ण है।
यह भी पढ़ें- सतना की घुरडांग कॉलोनी में गोलियां बरसाईं, वाहनों में तोड़फोड़; पिस्टल लिए सीसीटीवी में कैद