
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। मंदाकिनी नदी के आरोग्य धाम घाट में डूबने से एक और बालक की मौत हो गई। राज्यस्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने चित्रकूट आए उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के 16 वर्षीय खिलाड़ी नवीन तिवारी की नदी में डूबने से जान चली गई। घटना के बाद खेल दल में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवीपाटन मंडल के गोंडा जिले से हैंडबॉल टीम राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने चित्रकूट आई थी। 14 अक्टूबर को टीम के कुछ खिलाड़ी भ्रमण के दौरान आरोग्य धाम घाट स्थित मंदाकिनी नदी पहुंचे थे। इसी दौरान ग्राम रमापुरवा, जिला गोंडा निवासी नवीन तिवारी का पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरा। देखते ही देखते वह गहरे पानी में डूब गया।
साथियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे नदी से बाहर निकाला और उपचार के लिए जानकीकुंड अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर चित्रकूट थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोग्य धाम घाट पर डूबने से बालक की मौत की इस घटना ने नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में गहरे पानी वाले स्थानों पर पर्याप्त चेतावनी संकेत, सुरक्षा प्रबंध और निगरानी की आवश्यकता है।
यह भी पढ़ें- चित्रकूट में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी तेज रफ्तार बोलेरो, 2 लोगों की मौके पर मौत, 4 घायल