
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। शिकायत के बाद पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम-2021 की धारा 3 और 5 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बजरंग कॉलोनी-टिकुरिया टोला निवासी जगविजय उर्फ जग्गी वर्मा (25) बीमारी, बेरोजगारी और पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहा है। करीब 15 दिन पहले उसकी मुलाकात बजरहा टोला निवासी कंचन महतो से हुई। कंचन ने उसे टिकुरिया टोला निवासी रेनू समुद्रे से मिलने की बात कही और बताया कि वह उसकी समस्याओं का समाधान कर सकती है।
जगविजय के मुताबिक कंचन उसे रेनू के घर लेकर गया। वहां रेनू ने उसे ईसाई धर्म अपनाने और प्रार्थना में शामिल होने के लिए कहा। नौकरी और घर मिलने की उम्मीद में युवक उनकी बात मानने लगा। हालांकि, उसे अपेक्षित लाभ नहीं मिला। रविवार को जब वह दोबारा रेनू के पास पहुंचा तो आरोप है कि रेनू, कंचन महतो और ईशू समुद्रे ने उससे कहा कि धर्म बदले बिना उसे स्वास्थ्य, नौकरी और घर जैसी सुविधाएं नहीं मिल सकतीं।
विहिप के विभाग मंत्री विपिन सिंह ने सतना शहर में धर्म परिवर्तन से जुड़े अन्य स्थानों की जांच कराने की मांग की है। संगठन का दावा है कि शहर में ऐसे 20 से अधिक केंद्र संचालित हैं। हालांकि, इन स्थानों पर धर्म परिवर्तन कराए जाने के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। प्रदर्शन में विपिन सिंह, राजबहादुर मिश्रा, रावेंद्र सिंह, सचिन शुक्ला, ऋषभ शुक्ला, अश्वनी दहिया, विकास चतुर्वेदी, विवेक अग्निहोत्री, रॉकी तिवारी सहित दुर्गा वाहिनी की मेघा तिवारी और अंजलि तिवारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।