
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। केंद्रीय जेल सतना से प्रहरी को चकमा देकर फरार हुआ बंदी आखिरकार छह दिन बाद पकड़ लिया गया। फरारी के बाद बंदी के रिश्तेदार उसे जंगल और अहरी में छिपाकर रख रहे थे।
लगातार तलाश में जुटे जेल प्रशासन के विशेष तलाशी दल को शनिवार को उसके मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत घुनवारा गांव में छिपे होने की सूचना मिली। अमदरा पुलिस की मदद से घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बंदी अच्छेलाल प्रजापति उर्फ अखिलेश प्रजापति (52), पिता दशरथ प्रजापति, निवासी पटकहा नादनटोला, थाना अमरपाटन, जिला सतना, छह अक्टूबर 2026 को गोशाला और जेल परिसर की सफाई के दौरान फरार हो गया था।
घटना के बाद जेल प्रशासन ने उसकी तलाश के लिए विशेष दल गठित किया था। जेल अधीक्षक लीना कोठा के निर्देशन में गठित दल में उप जेल अधीक्षक श्रीकांत त्रिपाठी के समन्वय में सहायक जेल अधीक्षक अभिमन्यु पाण्डेय के नेतृत्व में जेल प्रहरी अर्जुन रावत, ममितलाल बागरी, संतोष विश्वकर्मा और सुशील प्रजापति को शामिल किया गया था।
विशेष तलाशी दल छह अक्टूबर से ही बंदी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रहा था। शनिवार को विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली कि फरार बंदी अमदरा थाना क्षेत्र के घुनवारा गांव में छिपा हुआ है। सतना से टीम को मौके पर पहुंचने में लगने वाले समय को देखते हुए अमदरा थाना प्रभारी से संपर्क कर पुलिस सहायता मांगी गई।
जेल प्रशासन की विशेष तलाशी टीम और अमदरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांव में घेराबंदी की और बंदी को पकड़ लिया। फरारी के दौरान बंदी को उसके रिश्तेदार जंगल और अहरी में छिपाकर रख रहे थे।
यह भी पढ़ें- सतना में सजा पूरी होने के बाद भी अर्थदंड जमा नहीं कर सका तो जेल में ही कैद रखा, ऐसे हुई रिहाई