
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर। वन परिक्षेत्र मैहर की अमदरा सर्किल अंतर्गत धोबहा बीट में करंट लगाकर सांभर के शिकार का मामला सामने आया है। बीट के कक्ष क्रमांक पी-502 से लगे सभागंज स्थित एक खेत में मादा सांभर मृत अवस्था में मिली। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे वन अमले ने जांच की तो प्रथम दृष्टया सांभर की मौत करंट लगने से होना सामने आया।
वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से करंट फैलाने के लिए इस्तेमाल की गई करीब 25 खूंटियां, जीआई तार सहित अन्य सामग्री बरामद की गई।
मामले की जांच के लिए वन विभाग के डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। डॉग स्क्वायड के डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल से करीब 700 मीटर दूर मुरकुट गांव में गंगू चौधरी के घर तक वन अमले को पहुंचाया।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान करीब 30 खूंटियां, लग्गी और बांका सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। वन अमले ने गंगू चौधरी उम्र 25 वर्ष को संदिग्ध आरोपी मानते हुए उसके विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण से संबंधित प्रविधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग अब बरामद सामग्री और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर सांभर के शिकार में उसकी भूमिका की जांच कर रहा है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता और करंट बिछाने के तरीके की भी पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में झाड़ू लगाने को लेकर महिलाओं में विवाद, दोस्त के साथ रची मौत की साजिश; दो गिरफ्तार