
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिले के उचेहरा नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 11 रामघाट स्थित बरुआ नदी में डूबने से चंद्र प्रकाश शर्मा की मौत हो गई। रविवार सुबह करीब 11 बजे नदी में नहाने गए युवक के लापता होने के बाद पुलिस और मोहल्लेवासियों ने तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
सोमवार सुबह युवक का शव नदी में मिला। पुलिस और वार्डवासियों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। मृतक चंद्र प्रकाश शर्मा, स्वर्गीय विष्णु बिहारी शर्मा के पुत्र थे। वह वार्ड क्रमांक रामदेवाला, कारी माटी के निवासी बताए गए हैं।
घटना के बाद शव को मरचूरी तक पहुंचाने के लिए नगर परिषद की ओर से कचरा वाहन भेज दिया गया। इस पर पार्षद पुत्र शिवम यादव, परिजनों और पुलिस ने नाराजगी जताई और वाहन को वापस लौटा दिया। बाद में शव को ऑटो से मरचूरी भेजा गया।
यह भी पढ़ें- सतना में कुत्ते की मौत पर बंदूकधारियों ने ट्रक ड्राइवर को पीटा, जंगल में भागकर बचाई जान
नगर परिषद और अस्पताल में शव वाहन की व्यवस्था नहीं होने से जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। एक ओर मृतक के परिजन शोक में थे, वहीं दूसरी ओर शव को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए उचित वाहन की व्यवस्था नहीं हो सकी। इस घटना ने स्थानीय निकाय की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।