
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। राजेश कोरी उर्फ बुनकर की सात माह की गर्भवती पत्नी प्रियंका भी डेंगू संक्रमित हैं। मामले में जांच रिपोर्ट की जानकारी विभाग को नहीं देने पर विद्या पैथोलॉजी और सेंट्रल पैथोलॉजी के संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
मलेरिया विभाग के अनुसार, राजेश की एंटीजन जांच विद्या पैथोलॉजी में और प्रियंका की जांच सेंट्रल पैथोलॉजी में हुई थी। दोनों की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई, लेकिन इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को नहीं दी गई।
परिजनों के मुताबिक, राजेश 29 अक्टूबर को पत्नी और छोटे भाई अजय के साथ पुणे से सतना लौटे थे। इसके बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई। राजेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डेंगू की पुष्टि के साथ गुर्दे में पथरी भी बताई गई।
31 अक्टूबर को उन्हें छुट्टी दे दी गई। परिजनों के अनुसार, हालत गंभीर होने पर उन्हें आगे इलाज के लिए ले जाया गया। एक नवंबर को रीवा मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला ने कहा कि जवाब मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नियमानुसार डेंगू संक्रमित मरीजों की जानकारी आईएचआई पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य है।
मौत के बाद मलेरिया विभाग की छह सदस्यीय टीम ने सिद्धार्थ नगर स्थित घर और आसपास जांच की, लेकिन डेंगू मच्छरों के लार्वा नहीं मिले। एहतियातन नाली में टेमीफास और घर में पैराथ्राम का छिड़काव कराया गया।
परिवार के पांच सदस्यों के एलाइजा परीक्षण के लिए नमूने लेने की तैयारी है। गर्भवती प्रियंका के उपचार और निगरानी को लेकर भी विशेष सतर्कता जरूरी है।
यह भी पढ़ें- बाहर खाने के शौकीनों सावधान : जबलपुर में सिद्धी विनायक रेस्टोरेंट में टाॅयलेट के पानी से बन रहा था खाना