कूलर का प्लग लगाते समय करंट की चपेट में आया बेटा, बचाने दौड़ी मां की भी मौत
चित्रकूट थाना क्षेत्र के रजौला गांव में बिजली के करंट की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत हो गई।
Publish Date: Fri, 09 Oct 2026 08:03:25 PM (IST)Updated Date: Fri, 09 Oct 2026 08:03:25 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- घटना रजौला में भगनपुर मोड़ के समीप हुई
- मां-बेटे दोनों मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े
- घटना रजौला में भगनपुर मोड़ के समीप हुई
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। चित्रकूट थाना क्षेत्र के रजौला गांव में बिजली के करंट की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत हो गई। घर में कूलर चलाने के लिए बिजली के बोर्ड में प्लग लगाते समय 10 वर्षीय बालक करंट की चपेट में आ गया। बेटे को तड़पता देख उसे बचाने दौड़ी मां भी करंट की चपेट में आ गई।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तत्काल जानकीकुंड अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार में मां-बेटे की मौत से गांव में शोक का माहौल है।
घटना रजौला में भगनपुर मोड़ के समीप हुई
चित्रकूट थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना रजौला में भगनपुर मोड़ के समीप हुई। यहां रहने वाला 10 वर्षीय सुशील पाल सुबह करीब 11 बजे घर में कूलर चलाने के लिए बिजली के बोर्ड में प्लग लगा रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया।
बेटे को करंट से जूझता देख उसकी 35 वर्षीय मां अनीता, पति जगतपाल, उसे बचाने के लिए दौड़ी और उसे छुड़ाने का प्रयास करने लगी। इस दौरान वह भी बिजली के करंट की चपेट में आ गई।
मां-बेटे दोनों मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े
करंट लगने से मां-बेटे दोनों मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में दोनों को जानकीकुंड अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर चित्रकूट थाना प्रभारी नीलेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पोस्टमार्टम के बाद मां-बेटे के शव परिजनों को सौंप दिए गए।